विश्व स्तनपान सप्ताह पर सीखड़ में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोग।- सोशल मीडिया।
सीखड़। विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत बृहस्पतिवार को सीखड़ ब्लॉक सभागार में महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र कुमार सिंह ने 13 नवजात बच्चियों के साथ केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया और बेबी किट वितरित की। इस अवसर पर चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गई।
खंड विकास अधिकारी रामजी मिश्रा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत यादव ने जन्म के बाद शिशु के लिए मां के दूध को सर्वोत्तम आहार बताते हुए संतुलित पोषण पर जोर दिया तथा कृमिनाशक दवा का वितरण कराया। जिला मिशन समन्वयक डॉ. मंजू यादव ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। अंत में सीडीपीओ नीलू मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।