मिर्जापुर। जिले में रविवार को जिला महिला अस्पताल से सघन पल्स पोलियो का अभियान शुरू किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने फीता काटकर तथा नवजात शिशुओं को पोलियोरोधी ड्राप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि शून्य से पांच वर्ष तक के तीन लाख 90 हजार बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने का लक्ष्य है। जिले में कुल 1862 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अभियान के दौरान सोमवार से पांच लाख घरों तक छह दिनों तक टीमें घर-घर संपर्क कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने का काम करेंगी। इसके लिए कुल 65 ट्राॅजिट व मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी रोडवेज, रेलवे स्टेशन, ईंट भट्ठों, टेंपो स्टैंड व मुख्य चौराहों पर पोलियो का खुराक पिलाने का काम करेंगे। इसके लिए कुल 2000 स्वास्थ्यकर्मी व 257 पर्यवेक्षक ड्यूटी पर लगाए गए हैं। सीएमओ डॉ. छोटे लाल वर्मा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों व प्रभारी चिकित्साधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी अपने स्तर से टीमों की निगरानी करेंगे। मंडलीय चिकित्सालय के अलावा सभी 19 सीएचसी और 53 पीएचसी पर पर्याप्त मात्रा में पोलियो ड्राप की व्यवस्था की गई है। इस दौरान मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डॉ. सजीव कुमार सिंह, सीएमएस एसके श्रीवास्तव, एमएस डॉ. सुनील सिंह, डाॅ. देवराज यादव, मायाशंकर मिश्र, आशीष सिंह आदि मौजूद रहे।