अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का जन्म 28 अप्रैल 1981 को कानपुर में हुआ था। पिता व अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल से उन्हें राजनीति की समझ विरासत के रूप में मिली। सोनेलाल पटेल की 2009 में मौत के बाद अनुप्रिया को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2012 में वाराणसी के रोहनिया विधानसभा से चुनाव लड़ा और विधानसभा सदस्य चुनी गईं।
बीएसपी उम्मीदवार को 17583 वोटों से हराया था। 2014 लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र से 436536 वोट पाकर जीत का परचम लहराया। पांच जुलाई 2016 में एनडीए सरकार की सबसे युवा मंत्री के तौर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री पद की शपथ ली।
2019 लोकसभा चुनाव में सपा व बसपा गठबंधन के प्रत्याशी को हराकर मिर्जापुर से पुन: सांसद चुनी गईं। सांसद अनुप्रिया पटेल की शुरुआती शिक्षा कानपुर फिर उच्च शिक्षा दिल्ली के लेडी श्रीराम महिला कॉलेज से हुई। अनुप्रिया ने मनोविज्ञान और एमबीए किया है।