हलिया थाना क्षेत्र के पौड़ी रामपुर गांव में सोमवार को देर शाम मिर्जापुर से सूरजगढ़ हरबरा जा रही सवारियों से भरी प्राइवेट बस पलट गई। इससे उसमें सवार यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। शोर सुन पहुंचे ग्रामीणों ने शीशा तोड़ कर यात्रियों को बाहर निकला। संजोग था कि कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
एक प्राइवेट बस सर्विस का चालक किशोरी लाल व कंडक्टर संतोष कुमार मिर्जापुर से सवारी लेकर थाना क्षेत्र के सूरजगढ़ हरबरा जा रहे थे। बस पौड़ी रामपुर गांव बस पहुंची थी, उसी बीच बारिश शुरू हो गई। इस बीच नमामि गंगे विभाग की तरफ से खोदे गए गड्ढे की मिट्टी की वजह से बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जाकर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर पौड़ी रामपुर गांव निवासी अन्नू सिंह, शिवा सिंह गुर्जर, कुंवर सिंह, खुशबू गुर्जर आदि ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस का शीशा तोड़ कर सभी यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में 24 से अधिक यात्रियों को चोर्टें आइं। संयोग था कि कोई यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। सभी घायलों की हालत सामान्य थी। घायल अपने स्तर से इलाज कराकर घर चले गए।