सीटी क्लब में विकसित राष्ट्र बनने के गोष्ठी में बोलते नपा अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, स्रोत संवा
मिर्जापुर। सिटी क्लब के प्रेक्षा गृह में सोमवार को विकसित भारत और उत्तर प्रदेश को लेकर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें शहर के प्रबुद्धजन, व्यापारी वर्ग और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने सुझाव दिए। प्रमुख रूप से नगर को जाम से मुक्त करने के लिए नगर में मल्टी लेवल पार्किंग, ओझला पाथ वे, माधोसिंह क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज, सड़कों के चौड़ीकरण, पालिका की जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र बनाकर इंडस्ट्रीज की स्थापना, शिक्षा में तकनीक को बढ़ावा देने के साथ कई सुझाव वक्ताओं ने दिए।
गोवर्धन त्रिपाठी ने देश में बने स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने, लल्लूराम मोदनवाल ने घंटाघर को और विकसित करने की बात कही। सलिल पांडेय ने पीतल, कालीन और पर्यटन बढ़ाने को लेकर सुझाव दिए। आशीष बुधिया ने सड़कों के चौड़ीकरण, ओझला पर चेक डैम बनाकर पर्यटन बढ़ाने को कहा। सिद्धनाथ सिंह ने औद्योगिक केंद्र स्थापना, गंगाघाट पर पाथवे, सड़को के चौड़ीकरण, टांडा फाल में वन क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ सड़कों गड्ढा मुक्त करने, इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात की। विनय सिंह ने कहा कि वाराणसी और प्रयागराग की तर्ज पर नगर में रिंग रोड बनाया जाए। डीजीसी आलोक राय ने निवेश बढ़ाने के लिए शांति और सुरक्षा देने की बात कही। राजेश मिश्रा, जगजीत सिंह डंग, मोहनलाल अग्रवाल, आशुकांत चुनाहे, बार कौंसिल के अध्यक्ष सुशील दुबे, सोनल सिंह, शत्रुधन केशरी ने भी अपने सुझाव और विचारों को व्यक्त किया। अध्यक्षता कर रहे नगर पालिकाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि पीएम मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश को लेकर आयोजित इस संगोष्ठी कार्यक्रम में सभी ने अपने सुझाव और विचार व्यक्त किए है।जिसके लिए हम सभी को अभी से मिलकर कार्य करना होगा। संचालन आशुकांत चुनाहे ने किया। इस दौरान सभासद सहित अन्य प्रबुद्धजन सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।