हलिया। हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर हथेड़ा गांव में बुधवार को दोपहर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक सवार युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दूसरे बाइक सवार समेत चार लोग घायल हो गए।
महोगढ़ी गांव निवासी 25 वर्षीय विकास बाइक से अपनी बहन 17 वर्षीय राधा व 18 वर्षीय पूनम के साथ बड़ी बहन के घर हलिया थाना क्षेत्र के एक गांव आए थे। दोपहर में वे घर लौट रहे थे। रास्ते में हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर हथेड़ा गांव के पास सामने से आ रहे बाइक सवार मधुरा निवासी 45 वर्षीय सर्वेश व बेलगवा गांव निवासी 35 वर्षीय योगेश की बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार विकास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसकी दो बहनें व दूसरे बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से पीएचसी हलिया भिजवाया। जहां डॉक्टर ने बाइक सवार सर्वेश को सिर में गंभीर चोट को देखते हुए ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। पूनम, राधा व योगेश को भी चोटें आई हैं। उनका इलाज पीएचसी में चल रहा है। विकास की मौत की सूचना पर बहन पूनम व राधा रोने बिलखने लगीं। विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था। शादी नहीं हुई थी। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।