मिर्जापुर। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मंडलीय अस्पताल के चेस्ट रोग विभाग में जल्द ब्रांको स्कोप मशीन लगाई जाएगी। इससे फेफड़ों की जांच की जाएगी। मेडिकल कॉलेज से प्रस्ताव गया था। शासन से मशीन के खरीदारी की प्रक्रिया चल रही है। मशीन जल्द आएगी, इसके बाद जांच शुरू होगी। मशीन से फेफड़े में कैंसर की गांठ और टीबी के बलगम की जांच की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव सिंह ने बताया कि शासन से मशीन के खरीदारी की प्रक्रिया चल रही है। ब्रोंकोस्कोपी एक आधुनिक जांच तकनीक है। इसमें एक पतली नली (ब्रोंकोस्कोप) के माध्यम से फेफड़ों और श्वासनली के अंदर की स्थिति को सीधे देखा जाता है। इससे डॉक्टर फेफड़ों में मौजूद संक्रमण, गांठ या अन्य समस्याओं का सटीक पता लगा सकते हैं।
इस तरह की जांच के लिए मरीजों को वाराणसी, प्रयागराज या अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता था, इससे समय और पैसे दोनों ज्यादा लगता था। मंडलीय अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से स्थानीय मरीजों को राहत मिलेगी और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।