जमालपुर। क्षेत्र के डवक गांव में मां भगवती देवी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए रविवार को नीव की खोदाई के दौरान देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियां निकलीं। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मूर्तियां निकलने पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए चार दिन पहले नीव की खोदाई का काम शुरू कराया गया था। रविवार को चार फीट नीचे खोदाई करने पर देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियां निकलने लगीं। इन मूर्तियों को मंदिर के पास स्थित पीपल के पेड़ के नीचे रखवा दिया गया है। इनमें हनुमान जी और वीणा लिए मां सरस्वती की मूर्तियां शामिल हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मुगलकाल में मंदिर तोड़े जाने पर मूर्तियां जमीन में दब गई होंगी। इस दौरान मुकेश सिंह, रवि सिंह, प्रदीप सिंह, प्रमोद सिंह, सदानंद पांडेय, मखंचू पांडेय आदि उपस्थित रहे।