मिर्जापुर। छानबे क्षेत्र के जोपा-रामपुर घाट पर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया। 339 करोड़ से बनने वाले पुल के पहले पिलर की नींव रख दी गई है। 12 पिलर पर आधारित पुल की लंबाई 1440 मीटर होगी। पुल के बनने से एक ओर भदोही-जौनपुर तो दूसरी ओर मध्य प्रदेश की दूरी घट जाएगी।
छानबे क्षेत्र में जोपा-रामपुर पर पीपा पुल से लोग गंगा नदी पार करते हैं। बरसात के मौसम में पीपा पुल हट जाने पर लोगों को भदोही जाने के लिए 50 किमी का चक्कर लगाना पड़ता है।
क्षेत्र के लोगों की समस्या को देखते हुए 339 से पक्के पुल की योजना स्वीकृत हुई थी। पुल के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये की पहली किश्त मिल गई है।
अब बभनी गांव के पास पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रवि शंकर उपाध्याय ने बताया कि जोपा-रामपुर घाट पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बताया कि 1440 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा।
इसकी चौड़ाई 10.50 मीटर रहेगी। इसके अलावा हाईवे से जोड़ने के लिए सड़क बनेगी।
जोपा की ओर 650 मीटर और भदोही की ओर 1250 मीटर सड़क बनेगी। जोपा की ओर पहला पिलर बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ड्राइंग के हिसाब से निश्चित गहराई कर पिलर बनाने का कार्य शुरू हो गया है। बताया कि कुल 12 पिलर बना जाएंगे। प्रत्येक पिलर के बीच की दूरी 120 मीटर रहेगी।