विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर स्थित रानी तालाब में डूबकर मृत अनिल कुमार यादव
जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर स्थित रानी तालाब में बुधवार शाम डूबे युवक का शव बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे ग्रामीणों ने बाहर निकाला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अनिल कुमार यादव (32) बुधवार शाम हाथ-पैर धोते समय तालाब में फिसलकर गिर गया था। उसके डूबने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीआरवी के एक जवान ने तालाब में कूदकर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। तालाब में करीब 30 फीट पानी था।प्रधान प्रतिनिधि गुलाम रसूल ने बताया कि अनिल कुमार यादव घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित रानी तालाब पर शाम साढ़े पांच बजे हाथ-पैर धोते समय डूब गया था। कुछ दूरी पर मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने ट्यूब पर बैठकर और कटिया डालकर तलाश शुरू की। इस दौरान शव कटिया में फंस गया, जिसे बाहर निकाल लिया गया।शव देखते ही पत्नी रेखा देवी और सात वर्षीय बेटी कृतिका का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक चाट-फुल्की की दुकान लगाकर जीविकोपार्जन करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। शव मिलने पर राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौके पर पहुंचे और छानबीन की। थानाध्यक्ष विंध्याचल अजीत कुमार सिंह ने बताया कि तालाब में डूबे युवक का शव बरामद हुआ है।