जिगना। थाना क्षेत्र के नयेपुर पाली संपर्क मार्ग पर चकिया के पास शनिवार की रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक युवक की मौत हो गई जबकि उसके पिता घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ घायल को अस्पताल पहुंचाया।
प्रयागराज जनपद के मांडा थाना क्षेत्र के सुरवा दलापुर निवासी गुड्डू (22) अपने पिता शहाबुद्दीन (65) के साथ बाइक से जिगना थाना क्षेत्र से अपने घर लौट रहा था। जिगना थाना क्षेत्र के चकिया के पास पीछे से एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर सर्रोई पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सक ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। शहाबुद्दीन का इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में बाइक चालक पुत्र की मौत हो गई। पीछे बैठे पिता घायल है। ट्रैक्टर को कब्जे के लेकर कार्रवाई की जा रही है।