पटेहरा। जिला पंचायतीराज अधिकारी संतोष कुमार ने सोमवार को ब्लाॅक कार्यालय में बैठक कर स्वच्छता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। स्वच्छता संसाधन केंद्रों (आरआरसी) में बिजली, पानी का काम अधूरा होने के कारण उन्होंने ग्राम सचिव विनोद कुमार, धनंजय बिंद और आशीष कुमार यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी किया। साथ ही एक में काम पूरा कराकर सभी केंद्रों को चालू कराने की हिदायत दी।
डीपीआरओ ने बताया कि ग्राम पंचायतों में बनाए गए स्वच्छता संसाधन केंद्र लापरवाही के कारण संचालित नहीं हो रहे हैं। स्वच्छता ग्राहियों की मैनेजर की भूमिका में कूड़े का निस्तारण कर उसी की आय से स्वच्छता कार्यक्रमों को गति देने की जिम्मेदारी है। उन्होंने पेयजल समेत अन्य समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने का निर्देश दिया। कहा कि पानी की समस्या मिलने पर पंचायत सहायक ही दोषी होगा। उन्होंने सचिव को निर्देश दिया कि पंचायत सहायक को मोबाइल फोन, वाईफाई और प्रिंटर की व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराएं।