हलिया। क्षेत्र के मुड़पेली गांव से मंगलवार की रात को चाचा के घर से लौट रहे युवक पर टिटहरिया नाले के पास कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बुधवार की जब लोगों की नजर पड़ी तो परिजनों को सूचना दी।
सोनगढ़ा गांव निवासी अरुण कोल (25) मंगलवार शाम को मुड़पेली गांव निवासी चाचा रामसजीवन कोल के यहां जमीन के विवाद की पंचायत में गया था। देर रात घर लौटते समय टिटहरिया नाले के पास कुछ लोगों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। बुधवार सुबह सड़क पर अचेतावस्था में पड़े अरुण पर ग्रामीणों की नजर पड़ी। युवक की पहचान होने पर उसके चाचा को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन बाइक सवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया ले गए। रामसजीवन कोल ने तहरीर देकर बताया कि मुड़पेली गांव के तीन लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर घर अरुण के ऊपर लाठी डंडा से हमला किया है। पुलिस मामले तहरीर मिलने के बाद जांच पड़ताल में जुट गई है।