पड़री/जिगना। जिले में में शनिवार की रात हुईं सड़क दुर्घटनाओं दो लोगों की मौत हो गई और तीन लाग घायल हो गए। विंध्याचल के देवरी पुल के पास बुलेट से टकराकर बाइक सवार दो युवक गिर गए। इस बीच पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। वहीं, पड़री के मोहनपुर भवरख गांव के पास कार की टक्कर से मजदूर की मौत हो गई।
पड़री थाना क्षेत्र के मोहनपुर भवरख गांव निवासी लवकुश गौतम (32) मिर्जापुर में मजदूरी करता था। शनिवार की रात वह पैदल गांव जा रहा था। मोहनपुर भवरख गांव के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हादसे के बाद कार छोड़कर चालक भाग गया। परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री ले गए, जहां से डाक्टर ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी प्रभावती देवी रो-रोकर बेहाल हो गई। वह बार-बार यही कह रही थी कि अब दोनों बेटियाें का पालन-पोषण कैसे होगा। थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दिया गया है। वहीं, कार को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के जंगीरोड चंद्रदीपा निवासी अंशू उर्फ बिंदू बिंद (25) शनिवार की रात को अपने दोस्तों दिलीप मौर्या (26) निवासी राजापुर कोतवाली देहात और सुजीत मौर्या (26) निवासी मंहथ शिवाला कोतवाली कटरा के साथ गैपुरा शादी में गया था। बाइक से घर लौटते समय विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी पुल के पास आगे चल रहा बुलेट सवार अनियंत्रित होककर ट्रक से टकराने के बाद गिर गया। सड़क पर गिरी बुलेट से टकराकर बाइक सवार भी गिर गए। इसी बीच तभी पीछे से आई कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
हादसे में अंशू बिंद की मौके पर मौत हो गई। उसके साथी दिलीप, सुुजीत और बुलेट सवार घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के परिजनों को सूचना दी। अंशू पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। वह ट्रक चलाता था। थानाध्यक्ष अमित प्रजापति ने बताया कि बुलेट से टकराने के बाद गिरे बाइक सवार युवकों को कार ने टक्कर मार दी, जिससे एक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।