मिर्जापुर। चंदौली के सपा सांसद व पार्टी की तरफ से मझवां विधानसभा उपचुनाव में प्रभारी बनाए गए वीरेंद्र सिंह ने भदोही के सांसद पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बकरा, मुर्गा और शराब का प्रबंध किया गया। इसमें भदोही सांसद और उनके भाई का नाम सामने आया है। इस मामले की शिकायत निर्वाचन अधिकारी को एक्स पर पोस्ट करने के साथ ही ऑनलाइन भी की गई है।
वीरेंद्र सिंह शनिवार को लोहिया ट्रस्ट स्थित सपा कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी की तरफ से अभी तक इस मामले में न तो कोई जवाब दिया गया है और न ही कार्रवाई की गई है। उन्होंने आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए सत्ता पक्ष के सांसद व वरिष्ठ नेता पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जो लोग लालच देकर चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं, उनको प्रतिबंधित किया जाना चाहिए, ताकि वे क्षेत्र में दिखाई न दें। इससे यह लगेगा कि चुनाव निष्पक्ष होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मझवां क्षेत्र में धनबल, कर्मचारियों और अधिकारियों के बल पर भाजपा चुनाव को प्रभावित करने का काम कर रही है। रात में चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बकरा, मुर्गा और शराब का प्रबंध किया गया। सोशल मीडिया पर भदोही के भाजपा सांसद और उनके भाई का नाम सामने आया है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि गमछा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसलिए दिया है, ताकि मतदान के दौरान अधिकारी अगर बूथों पर लाठी चलवाएंगे तो गमछे का पगड़ी बना लेना। लाठी बेअसर हो जाएगी। उन्होंने जो अधिकारी सपा कार्यकर्ताओं, प्रधानों, कोटेदारों को धमकी दे रहे हैं, उनको नोटिस जारी करने की मांग की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान अंबिका चौधरी, जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी आदि मौजूद रहे।