मिर्जापुर। बीड़ी श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी नहीं मिलने और लगातार हो रहे शोषण के विरोध में सोमवार को ट्रेड यूनियन को-ऑर्डिनेशन (टीयूसीसी) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोला। जंगीरोड स्थित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर श्रमिकों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दिलाने और उनका शोषण बंद कराने की मांग की। टीयूसीसी के विंध्याचल मंडल अध्यक्ष लल्लूराम कसेरा ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को लेकर पूर्व में जिला प्रशासन के साथ बैठक हुई थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं हुआ। न्यूनतम मजदूरी नहीं मिलने से बीड़ी श्रमिकों के सामने आजीविका का संकट बना हुआ है।
विज्ञापन
इससे उनमें रोष है। उन्होंने श्रमिकों को शासन से निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दिलाने और शोषण पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान मंत्री नितेश सिंह, पारसनाथ विश्वकर्मा, भोजराज त्रिपाठी, कौसर अली और लालचंद आदि मौजूद रहे। संवाद