मतदाता जागरूकता शिविर में अपनी बात कहती अनुराधा।
युवाओं के बदलते नजरिये से ही देश में बदलाव हो सकेगा। इसके लिए देश के मतदाताओं का जागरूक होना जरूरी है। सुयोग्य, कर्मठ, आदर्शवादी नेतृत्व चुनने में महिलाओं का योगदान अहम है। मतदाता बनकर युवा देश के निर्माण में सहयोग करें। ये बातें अमर उजाला और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विंध्यवासिनी महाविद्यालय में आयोजित मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सदर गुलाब चंद्र राम ने कहीं। शिविर के दौरान कॉलेज के 150 युवाओं ने पंजीयन कराया।
एसडीएम सदर ने कहा कि भारत में लोकसभा और विधानसभा सदस्यों का चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से होता है। इसमें मतदाताओं की भूमिका अहम होती है। मतदाता ही सुयोग्य, कर्मठ सदस्य का चुनाव कर सकता है, जो देश के समग्र विकास करेगा। इसके लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। एक जनवरी 2017 तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राएं अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। जिससे वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
मतदाता बनने के लिए छात्र-छात्राएं ऑनलाइन, मैसेज अथवा ट्वीट भी कर सकते हैं, इसके बाद बीएलओ घर जाकर फार्म भरवा कर मतदाता सूची में नाम दर्ज करायेंगे। तहसीलदार सदर आरपी सिंह ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विशेष अभियान के तहत छूटे युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज करायें। बिना मतदाता सूची में नाम दर्ज हुए मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। कार्यक्रम का संचालन करते हुए नायब तहसीलदार विकास पांडेय ने छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है। मतदाता पुनरीक्षण कार्य में युवाओं की भूमिका अहम है। प्राचार्य डा. एससी चतुर्वेदी ने कहा कि कॉलेज के 18 वर्ष से अधिक के छात्र मतदाता बनने के लिए अपना पंजीयन करा लें।