वसंत पंचमी पर विकास खंड कोन के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। जिगना क्षेत्र के हरगढ़, गौरा, काशीसरपत्ती, नौचौगहरवार, गोगांव, चेहरा, नौगांव, जीपा, नदिनी, चडैचा, भिलगौर, कोठरामिश्रान, डंगहर, दुगौली, मिश्रपुर, उंचडीह, बबुरा, नगवासी व बसेवरा आदि गंगाघाटों पर लोगों ने गंगा स्नान कर विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। चुनार क्षेत्र में भी लोगों ने गंगा स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। बालूघाट, संतोषी माता मंदिर घाट, शिवाला घाट, बावन जी पाट, रामघाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
वसंत पंचमी व गुप्त नवरात्रि पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन के लिए भोर से ही श्रद्धालु उमड़े रहे। दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी है। आस्था धाम स्थित विभिन्न गंगा घाटों पर काफी संख्या में श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य के भागी बने। गंगा स्नान के बाद मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर भक्तों ने जगत जननी मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया।
श्रद्धालु फूलों से किए गए मां विंध्यवासिनी के भव्य श्रृंगार का दर्शन निहाल हो रहे थे। मंदिर की छत पर साधक मंत्रोच्चार के बीच साधना में तल्लीन रहे। काफी संख्या में श्रद्धालु जनेऊ व मुंडन संस्कार कराने में जुटे रहे। शंख, नगाड़े के बीच माता के जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। दर्शन पूजन के उपरांत श्रद्धालु मंदिर की छत पर मंदिर के गुंबद व कुंड की परिक्रमा करने में जुटे रहे।