मिर्जापुर जिले के महोगढ़ी गांव की गर्भवती महिला अस्पताल में एएनएम के न मिलने पर ठेले पर बच्चे को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि काफी देर इंतजार के बाद भी अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया।
यूपी के मिर्जापुर जिले में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की एक बार फिर से पोल खुली है। यहां प्रसव पीड़ा से कराह रही एक महिला ने शुक्रवार शाम सरकारी अस्पताल के बाहर ठेले पर बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर महिला कर्मचारी का कोई सहयोग नहीं मिला।
विज्ञापन
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के महोगढ़ी गांव निवासी विक्रमा की पुत्री प्रभावती (30) को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन शुक्रवार की शाम करीब सात बजे ठेले पर लिटाकर न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज ले गए। वहां एएनएम के नहीं मिलने पर करीब साढ़े आठ बजे महिलाओं के सहयोग से ठेले पर ही प्रसव कराया गया। प्रभावती ने बच्ची को जन्म दिया।
उसके बाद परिजन ठेले से ही जच्चा-बच्चा को लेकर घर चले गए। विक्रमा ने बताया कि ठेले पर ही प्रसव होने के बाद शोर सुन एक एएनएम बाहर आईं, लेकिन कोई सहयोग नहीं किया। सीएचसी हलिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कामेश्वर तिवारी ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी।