मिर्जापुर में श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने मंगलवार की दोपहर समाज की बैठक के बाद कहा कि आठ जून को पहले जो मंदिर खुल रहे हैं, वहां की व्यवस्था, आवश्यकता, जरूरत को देखने, समझने के बाद विंध्याचल धाम खोलने पर विचार किया जा रहा है। कहा कि जिलाधिकारी के माध्यम से शासन की गाइड लाइन मिलने पर उसी के अनुरूप मंदिर के पट खोले जाएंगे।
मां विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण, गलियों में भी सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा। मां विंध्यवासिनी मंदिर गर्भगृह में आम भक्तों के लिए चरण स्पर्श पर प्रतिबंध रहेगा। जबकि जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने बताया कि श्री विंध्य पंडा समाज के साथ बैठक कर मंदिर का पट खोलने पर मंथन होगा।
फिर निर्णय लिया जाएगा। उधर, ऐसे में आठ जून को विंध्याचल मंदिर का पट खुलेगा या नहीं, इसको लेकर फिलहाल असमंजस की स्थिति बनी हुई है। गौरतलब है कि 22 मार्च को दोपहर 2 बजे आरती करने के बाद से मंदिर के पट बंद चल रहे हैं।