चुनार। थाना क्षेत्र के बरेवां गांव के सामने वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को सुबह टहलने निकले आयुर्वेद चिकित्सक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
थाना क्षेत्र के जमुई गांव निवासी उमा सिंह (70) गांव में ही आयुर्वेद चिकित्सा क्लीनिक संचालित करते थे। वे नियमित रूप से सुबह के समय टहलने निकलते थे। सोमवार को सुबह भी वे टहलने निकले थे। वे जमुई से बरेवां तक पहुंचे थे, इस बीच से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगाें ने ट्रक का पीछा किया तो चालक कुछ आगे जाकर ट्रक खड़ा करके फरार हो गया। लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही गांव शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आयुर्वेद चिकित्सक मूलतः भुड़कुड़ा गांव के रहने वाले थे। लगभग 35 साल से जमुई में मकान बनवाकर रह रहे थे। क्लीनिक संचालित कर लोगों का इलाज करते थे। उनसे एक पुत्र है। कोतवाल नरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।