मिर्जापुर। छानबे विकास खंड के देवरी प्राथमिक विद्यालय में जर्जर कक्ष की मरम्मत नहीं होने के कारण एक ही कक्ष में एक से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थी पढ़ने को विवश हैं।
इस विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक मात्र एक नया कमरा बनवाया गया है। उसी में इस समय सभी विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। पूर्व में विद्यालय में तीन कमरे बनाए गए थे, जो जर्जर हो गए हैं। कमरों की खराब स्थिति को देखते हुए वहां बच्चों को नहीं बैठाया जाता है। इस विद्यालय में 70 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए तीन शिक्षक तैनात हैं। इसके बावजूद इस विद्यालय के कमरों की मरम्मत अब तक नहीं कराई जा सकी है। जब से विद्यालय भवन का निर्माण किया गया है, तब से कभी भी मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा का कहना है कि विद्यालय में कमरों के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जल्दी ही विद्यालय के जर्जर कमरों की मरम्मत कराई जाएगी।