जिगना। बिहसड़ा बाजार में पुस्तैनी जमीन पर बने शिव मंदिर पर कब्जा करने का विरोध करने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मी के सामने परिवार पर हमला कर दिया। इससे महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बिहसड़ा बाजार निवासी प्रेमलाल चौरसिया के पिता ने अपनी जमीन पर शिव मंदिर बनवाया था। इसके बाद उन्होंने जमीन मंदिर के नाम लिख दी थी। मंदिर परिसर में ही जमीन का कुछ हिस्सा बागवानी के लिए छोड़ दिया था।
प्रेमलाल का परिवार मुंबई में रहता है। महाशिवरात्रि पर परिवार के लोग बिहसड़ा आए थे। बुधवार की शाम प्रेमलाल की पत्नी कमलेश देवी ने जिगना थाने में तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी ने मंदिर का कुछ हिस्सा तोड़कर कब्जा कर लिया है। इसका विरोध करने पर वह धमकी दे रहा है।
महिला की शिकायत पर जिगना थाने के एक दीवान मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने लगे। इसी बीच विपक्षी हमलावर हो गए। उन्होंने प्रेमलाल (70), कमलेश देवी (65), बसंतलाल (60) और निलोत्पल (36) को मारपीट कर घायल कर दिया।
दीवान ने घटना की जानकारी थाने में दी तब पुलिस पहुंची। इस बीच पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर सर्रोई पहुंचाया, जहां से चिकित्सक ने प्रेमलता और कमलेश देवी को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि निलोत्पल चौरसिया की तहरीर पर प्रीतम, दीपक, शुभम और शिवम चौरसिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।