मिर्जापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात शौच के लिए गई युवती से दुष्कर्म की कोशिश और धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने पिरल्लीपुर विद्युत पावर हाउस के पास से गिरफ्तार किया। मामले का खुलासा कर पुलिस ने बताया कि उनके पास से चाकू और बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों में से एक युवती से एक तरफा प्यार करता था।
क्षेत्र निवासी एक 19 वर्षीय युवती का विवाह तय हो गया था। रविवार की रात युवती शौच के लिए घर के पीछे जा रही थी। सीवान में पहले से छिपा युवक उसे पकड़कर छेड़खानी करने लगा। ग्रामीणों के आने पर युवक ने युवती पर चाकू से हमला करभाग गया। युवती के पिता ने हमला करने वालों के खिलाफ तहरीर दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी थी। थानाध्यक्ष राजीव सिंह को सूचना मिली कि आरोपित रवि उर्फ सिंटू उर्फ कलेंदर आपने साथी लल्लू सोनकर के साथ बाइक से वाराणसी की ओर भागने वाला है। पुलिस पिरल्लीपुर विद्युत पावर हाउस के पास इंतजार करने लगी तो दोनों आरोपी नुआव की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस के पीछा करने पर असंतुलित होकर गिर गए। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि रवि उर्फ सिंटू युवती से एकतरफा प्यार करता था। शादी करना चाहता था। लेकिन इस बीच युवती की शादी तय हो गई। युवती के इंकार के बाद रवि ने अपने साथ लल्लू को लेकर खेतों में पहुंच गया और हमला कर दिया। दोनों आरोपितों पर छेड़खानी और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।