गैपुरा साधन सहकारी समिति पर खाद के लिए उमड़े किसान।-सोशल मीडिया।
मिर्जापुर। दो दिन से मौसम साफ होने और धूप निकलने के साथ ही खेती किसानी ने जोड़ पकड़ लिया है। किसान धान की फसल को सहेजने के साथ आलू, मटर और गेहूं की बोआई की तैयारी में जुट गए हैं। खेतों में काम बढ़ने के साथ ही डीएपी की मांग भी तेज हो गई है। सहकारी केंद्रों पर किसानों की भीड़ लग गई।
मंगलवार को नगर के घुरहुपट्टी समेत ग्रामीण क्षेत्रों की समितियों पर खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ जुटी रही। समितियों पर किसानों की भीड़ की सूचना पर अधिकारियों ने खाद वितरण की व्यवस्था परखी।
संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक योगेंद्र पाल सिंह और पीसीएफ के जिला प्रबंधक रामजी कुशवाहा ने पहाड़ी ब्लॉक के मोहनपुर भवरख स्थित समिति का निरीक्षण किया।
वहीं, एआर कोऑपरेटिव अमित कुमार पांडेय ने छानबे ब्लॉक के गैपुरा स्थित समिति पहुंचकर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। समितियों पर फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों को ही उर्वरक दिया जा रहा है।
एआर कोऑपरेटिव अमित कुमार पांडेय ने बताया कि रबी सीजन को देखते हुए जिले की सभी समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिले में 25,934 मीट्रिक टन यूरिया की तुलना में 10,608 मीट्रिक टन, 9,409 मीट्रिक टन डीएपी की तुलना में जिले में 5,547 मीट्रिक टन और 2,258 मीट्रिक टन एनपीएस की तुलना में 1,386 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है।