पटेहरा। सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी प्रेमिका ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। कहा कि युवक आठ दिसंबर को दूूसरी युवती से शादी करने जा रहा। उसने लालगंज थाने में तहरीर देकर युवक की शादी रुकवाने की मांग की।
राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने सोमवार को लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के खिलाफ लालगंज थाने पर तहरीर दिया। आरोप लगाया कि युवक शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक यौन शोषण करता रहा। इसी बीच युवती गर्भवती हो गई। जिसके बाद शादी करने की शर्त रखकर युवक ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में युवक ने उसे छोड़ दिया। युवती ने अपने परिजनों को आपबीती बतायी। परिजन युवक के घर पहुंचे और दोनों के बीच संबंधों की जानकारी देते हुए शादी करने का विचार व्यक्त किया, पर युवक ने युवती से शादी करने से मना कर दिया। जिसके बाद परिजन राबर्ट्सगंज थाने पर युवक के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाए। तहरीर की मानें तो पुलिस ने युवक के खिलाफ 2019 में राबर्ट्सगंज में मुकदमा दर्ज किया है। युवती को जानकारी मिली कि युवक आठ दिसंबर को दूसरी युवती से शादी कर रही है तो उसने लालगंज थाने में तहरीर देकर शादी रुकवाने की मांग किया। थानाध्यक्ष लालगंज हरिश्चंद्र सरोज ने इस तरह के किसी मामले से अनभिज्ञता जताई।