चुनार नगर नगर पालिका परिषद चुनार की बजट बैठक बुधवार को अपराह्न पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभासदों के भारी हंगामे के बीच 23 करोड़ 67 लाख रुपये का अनुमानित बजट पारित हुआ।बैठक के दौरान शोर शराबा कर सभासदों को शांत कराने के लिए दो बार पालिकाध्यक्ष को अपनी कुर्सी से उठना भी पड़ा।
पालिकाध्यक्ष के आदेश पर लेखाकार शमशेर सिंह ने आय व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। जिस पर सभासदों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि कराये गये कार्य या क्रय की गयी किसी भी सामग्री का अलग- अलग खर्च का वितरण नही दिया गया है। मांग किया कि अगली बैठक में स्पष्ट आय- व्यय का व्यौरा मदवार प्रस्तुत किया जाय।
सभासद औषधीश रस्तोगी ने पालिका द्वारा कराये गये विकास कार्यों पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। सड़क लेपन का बोर्ड लगाकर इंटरलाकिंग का कार्य करा दिया गया है। सभासद जितेन्द्र कुशवाहा ने पालिकाध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी पर भेदभाव पूर्ण तरीके से वार्डों में कार्य कराने का आरोप लगाते हुए कहा मेरे वार्ड में दो वर्ष से कोई भी विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। सभासद राजेश कुमार राजू ने वार्डों में मरम्मत कार्य व बालूघाट पर महिलाओं के वस्त्र बदलने की व्यवस्था कराये जाने की बात कही। सभासद समर्थ सिंह पटेल ने अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह पर तानाशाह रवैया अपनाये जाने व सभासदों को अपमानित किये जाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। सभासदों ने नगर की सफाई व्यवस्था व पेयजल पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भारी भरकम धनराशि खर्च होने के बाद नाला व नाली गंदगी से भरा पड़ा हुआ है। बैठक में सभासद बचाऊ लाल सेठ, अभिलाष राय, राजेन्द्र प्रसाद प्रजापति, सूर्यबली यादव, राजेन्द्र चौहान, मुख्तार अहमद, कुंवर सूर्य प्रताप सिंह, रूबी, पूजा सिंह, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, गौतम वर्मा सहित अन्य तमाम सभासद मौजूद रहे।