मिर्जापुर। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने रविवर को कोविड -19 स्थिति की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक कर समीक्षा की। सुरक्षित और कुशल ट्रेन परिचालन के लिए जरूरी उपायों पर बात की। महाप्रबंधक ने सभी कोविड-19 पाजिटिव रेल कर्मियों की लगातार मानीटरिंग, संवाद और हर संभव इलाज पर बल दिया।
महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने अपर महाप्रबंधक रंजन यादव, सभी प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज, झांसी और आगरा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉंफ्रेंस के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे पर कोविड -19 स्थिति की समीक्षा किया। महाप्रबंधक ने सभी विभागों और मंडलों को निर्देश दिया की प्रत्येक कोविड-19 पाजिटिव रेलकर्मी और परिवार के संक्रमित सदस्यों की लगातार निगरानी और हर संभव इलाज व सहायता मुहैया कराई जाए। कहा की यह अत्यंत महत्वपूर्ण है की स्टेशनों और फील्ड में कार्यरत रेलकर्मी से लगातार संवाद किया जाए। इस कठिन समय में रेलकर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों को लगातार प्रोत्साहित किया जाए। बैठक में मंडल रेल प्रबंधकों व प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों ने सुरक्षित व कुशल रेल संचालन के लिए रेल परिचालन एवं अनुरक्षण के दिशा में उठाए गए कदमों को साझा किया और आगे की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा किया। महाप्रबंधक ने कहा की हमें लगातार कोविड-19 की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कार्य करना होगा और निर्णय लेने होंगे।