मास्टर चाभियों का जखीरा बरामद
मड़िहान। मड़िहान के रजौहा गांव में रामनरेश की चोरी हुई बाइक को उनके बेटे प्रियांशु ने ही एक सप्ताह बाद आरोपी के साथ सहित पकड़ लिया। बाइक की डिकी से नेम प्लेट और 20 से ज्यादा मास्टर चाबियां भी बरामद हुईं। ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
रजौहा गांव निवासी रामनरेश ने बताया कि वे सिरसी के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा मित्र हैं। बाइक 16 अक्तूबर की देर रात घर के बाहर से चोरी हो गई थी। उस रात में बाइक घर के बाहर हैंडल लॉक लगाकर खड़ी कर सोने चले गए। देर रात मां गुलाबी देवी की नींद खुली तो बाहर बाइक न देख जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। खोजबीन के बाद पता न चलने पर शनिवार को मड़िहान थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एक सप्ताह बीतने के बाद शुक्रवार को बेटा प्रियांशु प्रतिदिन की तरह बाइक से कलवारी स्थित एक डिस्पेंसरी पर कंपाउंडर की ड्यूटी करने जा रहा था। लालगंज-कलवारी मार्ग पर बेदौली गांव के पास सोलर पैनल की दुकान के सामने उसने पिता की चोरी हुई बाइक पर पड़ोस के गांव के युवक को बैठे देखा। प्रियांशु ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए पकड़ लिया। अपने गांव के साथियों को फोन कर बुला लिया। मौके पर पहुंचे सभी ने आरोपी को पकड़कर रजौहा गांव के रामलीला मैदान में ले गए। तलाशी लेने पर बाइक की डिकी से बाइक की नेम प्लेट और उसके पास से 20 मास्टर चाभियां बरामद हुईं। सूचना पर पहुंची पुलिस को आरोपी को सौंप दिया गया। मड़िहान के थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।