मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी एवं अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका गर्ग ने बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्ट्रेट के एनआईसी में जिले के अधिकारी भी मौजूद थे। उच्चाधिकारियों ने बताया कि प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को आयोजित की जाएगी।
उच्चाधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों से परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि जिले में पारदर्शी एवं नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिये तैयारी पूरी कर ली गई है। सात हजार परीक्षार्थियों के लिये कुल 14 केंद्र बनाये गये हैं। सभी परीक्षा केंद्रों का परीक्षण करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में बीएड की प्रवेश परीक्षा को पारदर्शी, शांतिपूर्ण व नकल विहीन सम्पन्न कराया जायेगा। मिर्जापुर एनआईसी में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, अपर आयुक्त प्रशासन रमेश चन्द्र, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा कामता राम पाल, प्राचार्य केबी डिग्री कॉलेज डॉ. अशोक कुमार सिंह, राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजकुमार दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।