पथरहिया स्थित संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय के कर्मचारियों ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर उत्तर प्रदेश खाद्य एवं रसद अराजपत्रित कर्मचारी संघ के तत्वावधान में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने चंदौली में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने खाद्य एवं रसद आयुक्त को ज्ञापन भेजकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों चंदौली के जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव पर अराजक तत्वों ने हमला कर अभद्रता की और जान से मारने तक की धमकी दी। इस घटना से पूरे प्रदेश में धान खरीद कार्य में लगे अधिकारी व कर्मचारी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शासन की क्रय नीति से अधिकारियाें व कर्मचारियों को जनाक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष नारायण दुबे ने कहा कि शासन से अधिकारियों व कर्मचारियों को कोई संसाधन मुहैया नहीं कराया जा रहा है। इसके बाद भी कर्मचारी धान खरीद कर रहे हैं। उन्होंने आरोपियों पर अविलंब कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर सतीश मिश्रा, विशाल अंबेडकर, अर्चना मिश्रा, विनय द्विवेदी, रविशंकर सिंह, अरुण तिवारी, अरुण शुक्ला आदि मौजूद थे।