मड़िहान। विद्युत सब स्टेशन मड़िहान में ठेकेदार पर शोषण करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में गुरुवार को कर्मचारियों ने एसडीएम को पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
उपकेंद्र पर तीन एसएसओ समेत 12 संविदाकर्मियों की नियुक्ति की गई है। कर्मचारियों का आरोप है कि समय से उनका मानदेय नही दिया जाता। चार से छह माह बाद आधा अधूरा पैसा दिया जाता है। कर्मचारियों ने बताया कि महज चार हजार रुपये प्रति माह मानदेय में परिवार का पालन पोषण संभव नहीं है। भुगतान से पहले कर्मियों का हस्ताक्षर किया हुआ चेकबुक मांग लिया जाता है। कर्मचारियों ने बताया कि गुरुदेव नगर सबस्टेशन पर नियुक्त कर्मचारियों को आठ हजार रुपये महीने भुगतान किया जाता है। पैसा बढ़ाने की मांग पर ठेकेदार राकेश तिवारी काम से निकालने की धमकी देकर मुंह बंद करा देते हैं। शिकायती पत्र पर अशोक कुमार, विनोद यादव, कल्लू, जद्दू यादव, राजेश यादव, निर्भय शर्मा, अनिल चौरसिया, चन्द्रजीत, अशोक चौहान, मुन्नालाल आदि कर्मियों के हस्ताक्षर हैं। एसडीएम ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा शिकायती पत्र में लगाये गए आरोपों की जांच व कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को भेज दिया गया है।