मिर्जापुर। शहर कोतवाली पुलिस ने किशोरी को बहलाकर भगाने, कैद करने और विवाह के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में एक बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है। किशोरी का मेडिकल कराया गया और नाबालिग आरोपी का न्यायालय में बयान कराने के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
चार फरवरी को किशोरी और किशोर शहर के एक रेस्टोरेंट में बैठे थे। इसी बीच वहां किशोरी का भाई पहुंचा, जिसका किशोर से विवाद हुआ। इसके बाद वह अपनी बहन को घर ले गया। इसके बाद छह फरवरी को किशोरी लापता हो गई। लड़की के भाई ने नाबालिग बहन को बहलाकर भगाने और कैद के रखने के साथ विवाह के लिए धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पाक्सो, धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। शहर कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि शुक्रवार को वासलीगंज पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार ओझा ने आरोपी बाल अपचारी को पकड़ लिया और किशोरी को भी बरामद कर लिया। बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। वहीं, आरोपी बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।