खनिज परिवहन के लिए जरूरी प्रपत्र फर्जी तरीके से बनाने वाले मोबाइल विक्रेता को खनिज विभाग और पुलिस की टीम ने रविवार को रंगेेहाथ पकड़ लिया। आरोपी को चुनार कोतवाली क्षेत्र के कुबा मोड़ स्थित दुकान से गिरफ्तार कर उसके पास से बरामद कंप्यूटर आदि को सीज कर दिया गया। आरोपी को जेल भेज दिया है।
ज्येष्ठ खान अधिकारी को खनन परिवहन से संबंधित जरूरी प्रपत्र (एमएम-11) दुकानों से बेचने की सूचना मिली थी। डीएम के आदेश पर ज्येष्ठ खान अधिकारी केके राय के निर्देशन में खान अधिकारी आशीष द्विवेदी को टीम के साथ जांच पड़ताल के लिए भेजा गया। कुबा मोड़ पर स्थित कुबा खुर्द गांव निवासी अशोक कुमार सिंह की मोबाइल की दुकान पर खनिज विभाग की टीम से दो होमगार्ड सादे कपड़ों में पहुंचे और दो ट्रकों का परिवहन प्रपत्र बनवाने की बात कही। इसके लिए 500 रुपये दुकानदार को दिए। दुकानदार ने दो ट्रकों के नंबर का परिवहन प्रपत्र बनाकर दे दिया। होमगार्ड ने इसकी सूचना टीम को दी। इस पर खान अधिकारी आशीष द्विवेदी और सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी ने दुकान पर छापा मारकर अशोक को गिरफ्तार कर लिया व दुकान से बरामद सीपीयू, मानिटर, प्रिंटर, की बोर्ड, 500 रुपये और फर्जी परिवहन प्रपत्र सीज कर लिया। खान अधिकारी आशीष द्विवेदी की तहरीर पर चुनार कोतवाली में धोखाधड़ी, कूटरचना कर फर्जी अभिलेख तैयार करने, राजस्व की क्षति आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।