भावां। मड़िहान थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव निवासी दंपती अपने दो महीने के बेटे के साथ इलाज पत्नी का इलाज कराने के लिए सोनभद्र के लोढ़ी जिला अस्पताल गए थे।
वापसी में शाहगंज बाजार में पानी पीते समय साथ सफर कर रही एक युवती बच्चे को लेकर एक बाइक सवार के साथ भाग गई। पीछा करने पर डायल 112 पुलिस की मदद से घोरावल बाजार में युवती को पकड़ा गया पर बच्चा नहीं मिला। देर शाम पुलिस ने बाजार से ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए बच्चे को खोज निकाला। मड़िहान थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव निवासी राजेश कुमार उर्फ गुड्डू ने बताया कि दो महीने पहले पत्नी को ऑपरेशन से प्रसव हुआ था। टांके में से मवाद आ रहा था। उसे दिखाने के लिए बृहस्पतिवार की सुबह सोनभद्र जिले के लोढ़ी जिला अस्पताल गए थे।
जहां पत्नी की एक अनजान युवती से दोस्ती हो गई। उसने अपना पता मड़िहान बताया। वापसी के दौरान साथ में चलने की बात कही। जब ऑटो शाहगंज बाजार में रुकी तब आरोपी युवती नाश्ता करने के लिए उतरी। उसी दौरान प्रतिमा बच्चे को उसके हाथ में देकर पानी पीने लगी। तभी एक बाइक पर दो लोग आए। बच्चे को लेकर युवती बाइक सवार के साथ भाग गई। उसको भागता देख डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के साथ मिलकर पीछा करने लगी।
लगभग 12 किलोमीटर दूर घोरावल बाजार में सरदार बल्लभ भाई पटेल स्कूल के पास आरोपी युवती को पुलिस ने पकड़ा पर बच्चा उसके पास नहीं था। पीड़ित मां ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए बच्चे के खोजने की अपील की। थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए बच्चे को खोज लिया गया है। संवाद