विंध्याचल। मगध एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रा के बाद रविवार को सुबह विंध्याचल स्टेशन पर उतरकर रेललाइन पार कर बाहर निकलते ही युवक अचानक गिर पड़ा। पुलिस उसे सीएचसी विंध्याचल ले गई। जहां डाॅक्टर ने उसे घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। परिजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी हुई तो कोतवाली पहुंचकर शिनाख्त की।
नरोईया बाजार निवासी कन्हैया बिंद (35) दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। 16 नवंबर को नई दिल्ली से मिर्जापुर आने के लिए जनरल बोगी का टिकट लेकर मगध एक्सप्रेस से आए। रविवार को सुबह विंध्याचल रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर गाड़ी खड़ी हुई तो कन्हैया ट्रेन से उतरकर पश्चिम दिशा की ओर पटेगरा नाला रेलवे पुल की तरह आ रहे थे। उसी दौरान अचानक जमीन पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर धाम चौकी प्रभारी राजकुमार पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे। प्राइवेट साधन से सीएचसी विंध्याचल लेकर गए। जहां डॉ. राजीव पांडेय ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। सोशल मीडिया पर जारी फोटो से परिजनों ने पहचान की। परिजन पहले कोतवाली पहुंचे। थानाध्यक्ष चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि चक्कर आने पर गिरे एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम भेजा गया हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी।