मिर्जापुर। पड़री थाना क्षेत्र के झिंगुरा रेलवे स्टेशन के पास घर से दवा लेने निकले युवक की बुधवार को ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त देहात कोतवाली के हजारीपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह के रूप में की है।
जीआरपी प्रभारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि झिंगुरा रेलवे स्टेशन के बाद अप लाइन पर किसी ट्रेन की चपेट में आने से एक 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। आस-पास के लोगों से पहचान कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को देहात कोतवाली क्षेत्र के हजारीपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह जीआरपी थाने पर पहुंचे।उन्होंने शव की पहचान चचेरे भाई राजकुमार सिंह के रूप में की। महेंद्र ने बताया कि चचेरा भाई बुधवार को घर से दवा लेने निकला था। देर शाम वापस घर नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। उसकी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। तभी सूचना मिली कि झिंगुरा स्टेशन के पास एक युवक का शव मिला है। सूचना पर जीआरपी से संपर्क किया। मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त की।