मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बसही निवासी युवक सोमवार को दोपहर बाद लोहंदी नदी के रपटे से जा रहा था। इसी बीच पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया। घंटे भर की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद हुआ।
देहात कोतवाली क्षेत्र के राजापुर निवासी शीतला प्रसाद (45) मजदूरी करता था। वह कटरा कोतवाली क्षेत्र के बसही गांव के पास लोहंदी नदी के रपटे से होकर घर जा रहा था। गंगा का पानी बढ़ने से लोहंदी नदी का जल स्तर बढ़ा है। रपटे पर पानी था। पैर फिसलने से शीतला प्रसाद नदी में गिर गया। इससे वह डूबने लगा।
स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, पर असफल रहे। सूचना पर पहुंचे परिजन और पुलिस ने लोगों की मदद से घंटे भर बाद शव बरामद किया। कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि लोहंदी नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।