अहरौरा। अहरौरा मार्ग पर भगौती देई पेट्रोल पंप के पास रविवार की शाम तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जसवां गांव निवासी सुभाष (23) रविवार के शाम घर से बाइक लेकर इमलिया चट्टी की ओर जा रहा था। जैसे ही भगौती देई पेट्रोल पंप के पास पहुंचा कि तभी तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सुभाष को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होते ही पास के गांव में मौजूद परिजन सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक सुभाष वाराणसी में मजदूरी करता था। थानाध्यक्ष अजय कुमार सेठ ने बताया कि ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक सुभाष की मौत हुई है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में लिया गया है।