कटरा कोतवाली क्षेत्र के पथरहिया के पास रोडवेज बस की टक्कर से मृत मनीष की फाइल फोटो। स्रोत- परि
मिर्जापुर। चुनार थाना और कटरा कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह दो हादसों में किशोर समेत दो की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। इसमें दो की हालत गंभीर बनी है। चुनार घाट वाराणसी राज्य मार्ग 74 पर रुदौली गांव के पास बालू लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार श्रेया पाल की मौत हो गई। मनीष व सुनीता घायल हो गईं। उधर, कटरा कोतवाली क्षेत्र के पथरहिया रेलवे स्टेशन दक्षिणी द्वार के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार किशोर मनीष वर्मा की मौत हो गई जबकि युवक मोहित प्रजापति घायल हो गया। उसे वाराणसी रेफर किया गया।
चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि वाराणसी के चितईपुर निवासी अवलेशपुर निवासी मनीष पाल (28) अपनी पत्नी सुनीता (26) पाल व भतीजी श्रेया पाल (13) के साथ बृहस्पतिवार की सुबह बाइक से शीतला धाम अदलपुरा दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद 11 बजे घर लौट रहे थे। चुनार घाट वाराणसी राज्य मार्ग 74 पर रुदौली गांव के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर भाग गया। हादसे में श्रेया पाल की मौके पर ही मौत हो गई। दंपती घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल वाराणसी में इलाज कराने के लिए भेजवाया। सुनीता की हालत गंभीर बनी है। इधर हादसे से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम से दोनों तरफ से आवागमन बंद हो गया। सूचना पर एसडीएम चुनार राजेश वर्मा, सीओ चुनार, मंजरी राव कोतवाल चुनार विजय शंकर सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। परिजनों ने ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन पर दोपहर 12 बजे से लगा जाम ढाई बजे समाप्त हुआ। ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के भुजवा चौकी क्षेत्र के मोहित प्रजापति (20) अपने साथी मनीष निवासी डंगहर (14) के साथ बाइक से जा रहा था। पथरहिया रेलवे स्टेशन के दक्षिणी गेट के पास पहुंचा था कि वाराणसी जा रही रोडवेज बस से टकरा गया। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना देकर घायलों को मंडलीय अस्पताल लेकर आए। मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में डाक्टर ने मनीष वर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित प्रजापति को प्राथमिक उपचार के बाद ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। मृतक मनीष के भाई सनी ने बताया कि उसका भाई मोहित के साथ गाड़ी धुलवाने के लिए जा रहा था। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। घायल मोहित की हालत गंभीर बनी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।