विकास खंड पहाड़ी के तीन गांवों में डायरिया फैलने से गुुरुवार को 30 से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी बीमार लोगों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीएचसी के एमओआईसी अपनी टीम के साथ गांव में गए और दवाइयों का वितरण किया। वहीं विकास खंड कोन के दलापट्टी गांव में डायरिया से पीड़ित महिला की मौत हो गई।
पचोखरा, पैहिती, व महुवारी गांव में बुधवार की रात फैले डायरिया की चपेट में आने से 30 से अधिक लोग बीमार हो गए। सात लोगों को जिला चिकित्सालय भेजा गया जबकि अन्य का इलाज गांव में कराया जा रहा है। बीमार लोगों में पचोखरा के बहादुर 50 वर्ष, सतीश 22 वर्ष, गुड्डू 25 वर्ष, शीला 16 वर्ष, किरन 22 वर्ष, चंदा 25 वर्ष, राधे 22 वर्ष, सुरेश 45 वर्ष, राजमनी 21 वर्ष, बिटटू छह वर्ष शामिल हैं। पैहिती मुख्तार आलम आठ वर्ष, दिनेश 16 वर्ष, राकेश आठ वर्ष, रामधनी 24 वर्ष भी चपेट में आए हुए है।
इसी प्रकार महुवारी गांव में डायरिया फैल गया है। चील्ह संवाददाता के अनुसार विकास खंड कोन के दलापट्टी गांव निवासिनी शिव कुमारी 50 वर्ष पत्नी भोलानाथ की गुरुवार को डायरिया की चपेट में आने से मौत हो गई। परिवार के लोगों के अनुसार बुधवार की रात शिव कुमारी को उल्टी दस्त होने लगी। अधिक तबीयत खराब होने पर उसे गांव के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।