मिर्जापुर। राज्य सरकार के बजट से विंध्य क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। लखनऊ से विंध्याचल धाम के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने विंध्याचल स्थित काली खोह और अष्टभुजा मंदिर सहित पूरे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 200 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। इसके साथ ही विंध्य तीर्थ विकास परिषद के लिए अलग से 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे विंध्य काॅरिडोर के अवशेष कार्यों को पूरा किया जाएगा। इस प्रकार कुल 300 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। माना जा रहा है कि इस बजट से मंदिर परिसर का सुंदरीकरण, यात्री सुविधाओं का विस्तार, सड़क व प्रकाश व्यवस्था में सुधार तथा बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके पहले मां विंध्यवासिनी मंदिर के लिए 331 करोड़ से पूरा विंध्य काॅरिडोर का निर्माण कराया गया है। एक प्रकार से इस पूरे क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन केंद्र में बदलने का प्रयास है। इससे यहां पर आने वाले दर्शनार्थियोंं की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों की आय भी बढ़ेगी। साथ ही स्थानीय संस्कृति व विभिन्न प्रकार के उत्पादों का भी प्रसार प्रचार होगा। जिसका लाभ अंतत: स्थानीय लोगों को ही मिलेगा।
त्रिकोण क्षेत्र का होगा विकास -मिर्जापुर। बजट में 300 करोड़ की धनराशि का प्रावधान होने से विकास कार्य के पूरा होने की पूरी संभावना है। इससे पूरा त्रिकोण क्षेत्र मां विंध्यवासिनी मंदिर, मां कालीखोह व मां अष्टभुजा का संपूर्ण विकास हो सकेगा। साथ ही मां कालीखोह व मां अष्टभुजा मंदिर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा। इससे यहां आने वाले दर्शनार्थियों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इसमें मुख्य कार्य त्रिकोण क्षेत्र का पाथवे बनना है। रास्ता ठीक न होने से दर्शनार्थियों को काफी परेशानी होती थी। सिटी मजिस्ट्रेट व विंध्य विकास प्राधिकरण के सचिव अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना भेजी गई थी। इससे पूरे विंध्य क्षेत्र में विकास की धारा बहेगी।
मुख्यमंत्री ने इस बजट का निर्धारण कर लाखों दर्शनार्थियों की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया है। इससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
- पंकज द्विवेदी, अध्यक्ष श्री विंध्य पंडा समाज-त्रिकोण क्षेत्र का पाथवे बन जाने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा। इससे दर्शनार्थियों की आवागमन की समस्या भी दूर होगी। यह एक अच्छा पहल है। - भानु पाठक, मंत्री श्री विंध्य पंडा समाज
मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय को मिले 50 करोड़ -मिर्जापुर। प्रदेश के बजट में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के निर्माण को 50 करोड़ रुपये का विशेष आवंटन किया गया है। विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए 50 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था। साथ ही इस बजट में मिर्जापुर नगर और विंध्याचल के बीच 50 एकड़ में नई आवासीय योजना को स्वीकृत किया गया है। इन सूचनाओं से नागरिकों में हर्ष है।