चुनार (मिर्जापुर)। इंडसइंड बैंक के कलेक्शन एक्जीक्यूटिव राबी नंदन श्रीवास्तव की शनिवार की देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर चुनार रेलवे फाटक मोड़ पर हरे रंग की मारुति कार सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया । बैंक कर्मी के पास से करीब पैंतीस हजार रुपये, 52 हजार तथा 83 हजार के दो चेक भी बरामद हुए हैं। बदमाश रुपये नहीं लूट सके। बैंक एक्जीक्यूटिव की हत्या के पीछे लूट की मंशा थी या फिर कुछ और, इसे पता करने में पुलिस जुटी हुई है।
नगर के आवास विकास कालोनी निवासी शिवनंदन लाल श्रीवास्तव का पुत्र राबी नंदन श्रीवास्तव (35 वर्ष) नगर में स्थित इंडसइंड बैंक की शाखा में कलेक्शन एक्जीक्यूटिव था। शनिवार को वह अपनी बाइक से बैंक के काम से चुनार गया हुआ था। वापस लौटने में अंधेरा हो गया था। शनिवार देर शाम वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर चुनार रेलवे फाटक मोड़ पर राबी नंदन जैसे ही पहुंचा पीछे लगे मारुति कार सवार बदमाश तेजी से उसके पास आए और उसे रोककर सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही रेलवे फाटक मोड़ के आस-पास मौजूद लोग भागकर पहुंचे। इस बीच बदमाश मारुति कार से अंधेरे व सन्नाटे का लाभ उठाते हुए मिर्जापुर की तरफ भाग निकले। लोगों से सूचना मिलते ही चुनार पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। युवक को तत्काल चुनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटे की हत्या की खबर परिजनों को लगी तो घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग आनन-फानन में चुनार के लिए निकल गए थे।