मिर्जापुर। ज्योति पर्व दीपावली पर मंगलवार को समूचा नगर रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा। सूर्यास्त होते ही व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के साथ ही घर-आंगन, मंदिर, गंगा घाट, घंटाघर आदि जगहों पर बहुरंगी रोशनी से जगमगाने लगे। बच्चों एवं बड़ाें ने जहां आतिशबाजी व पटाखा छोड़ अपनी खुशी का इजहार किया, वहीं कइयों ने जुएं के फड़ में हजारों रुपये दांव पर लगाए। दीपावली पर लोगों ने एक दूसरे को उपहार भेंट कर पर्व की ढेर सारी शुभकामनाएं दी।
शाम होते ही बहुरंगी झालरों की रोशनी से जगमग कर रहे घर देखते ही बन रहे थे। शाम होते ही लोगों ने घरों में दीपक जलाने शुरू कर दिए थे। दीप पर्व पर लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों में विधि-विधान से भगवान गणेश-लक्ष्मी का पूजन कर सुख और समृद्धि की कामना की।
समयाभाव के चलते अधिकांश लोगों ने एक दूसरे को मोबाइल से एसएमएस भेजकर पर्व की बधाई दी। महिलाआें व बालिकाओं ने अपने-अपने घरों के बाहर आकर्षक रंगोली बनाकर उस पर दीपक जलाकर दीप पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया। लोगों के घरों और प्रतिष्ठानों पर लगे रंग-बिरंगे झालरों की लड़ी से निकल रही रोशनी की जगमगाहट देखते ही बन रही थी।
शाम का धुंधलका होने के साथ अभिभावकों की देख रेख में बच्चों के साथ ही बड़ों ने भी पटाखे और आतिशबाजी छोड़ी। बच्चे चकरी, फुलझड़ी, बुलेट बम, चटाई एवं राकेट छूटते देख खुशी से उछल पड़ रहे थे। बाजारों में देशी घी से निर्मित मिठाइयों की बिक्री अन्य मिठाइयों की अपेक्षा कुछ ज्यादा ही हुई। मिठाई की दुकानों से डेढ़ सौ से लेकर आठ सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिक्स एवं सिंगल वेराइटी के मिठाइयों की बिक्री की गई।