मिर्जापुर। दीपावली की पूर्व संध्या पर पटाखा और आतिशबाजी की दुकानों पर अभिभावकों के साथ बच्चों की भारी भीड़ देखी गई। दुकानों पर पहुंचे बच्चों ने फुलझड़ी संग बुुलेटबम व चकरी आदि की खरीदारी किया।
नगर के महुवरिया स्थित बीएलजे इंटर कालेज के मैदान सहित शहर के अंदर लगी कई पटाखों की दुकानों पर देर रात तक तरह-तरह के पटाखों की बिक्री होती रही। पटाखों में प्रमुख रूप से फूलझड़ी, आतिशबाजी, चकरी, अनार, चटाई, घरिया, लैला मजनू, रोशनी, बुलेट बम और राकेट ग्राहकों को अपनी ओर खींचने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे थे। पांच रुपये से लेक पांच सौ रुपये तक के पटाखों की जमकर खरीदारी की गई। संकटमोचन मार्ग स्थित पटाखा दुकानदार दीपक साहू ने बताया कि बाजार में महंगाई का कोई असर नहीं दिख रहा है। ग्राहक पैसे की परवाह किए बगैर पटाखे खरीद रहे हैं।