मिर्जापुर। सांसद बाल कुमार पटेल ने विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि भरपुरा माइनर से नौ किमी दूरी खरहरा तिवारी तक पानी पहुंच चुका है। विगत 10 वर्षों से एक बूंद पानी न चलने से ध्वस्त विरोहिया बीयर व उससे संबद्घ भरपुरा जरवाहा व सूर्यवार माइनर की सफाई व मरम्मत के उपरांत पानी चलाया जा रहा है।
श्री पटेल ने बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। हालांकि विगत वर्षों से ध्वस्त वितरण प्रणाली व अधिक सिंचाई क्षेत्र होने से पानी के आगे बढ़ने की रफ्तार अवश्य मंद है। जिसको अंतिम स्थिति तक पहुंचाया जाएगा। जिसके लिए सिंचाई विभाग कटिबद्ध है। सांसद मीडिया प्रभारी रविकांत पटेल ने बताया कि खजुरी सिंचाई प्रणाली जो पूर्व शासन में वेलस्पन पावर नामक कंपनी से बनाने को दृष्टिगत रखते हुए स्वीकृत किया गया था उसे किसान हित में शीर्षक परिवर्तित कर शासकीय धन से बनवाने का आग्रह किया गया है । विगत वर्षों से टूटे बीयर को प्रयोगिक तौर पर मिर्जापुर नहर प्रखंड द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था कर साहसिक निर्णय लेते हुए उपलब्ध जल को रबी की बुआई व सिंचाई हेतु किसानों को उपलब्ध कराया गया है। धन आवंटित होते ही नवीन बीयर का निर्माण भी प्रारंभ कराया जाएगा।