मिर्जापुर। एसटीएफ की टीम भी नगर के गनेशगंज तिराहे पर हुई सराफा व्यवसायी की हत्या व लूट के राज से 10 दिन बाद भी पर्दा नहीं उठा पाई। हालांकि सभी टीमें हत्या व लूट की वारदात से पर्दा उठाने में लगी हुई है लेकिन व्यवसायी के हत्यारोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्तार से बाहर चल रहे है।
बता दें कि नगर के गनेशगंज सायर माता मोहल्ला निवासी राजेश सोनी की दुकान जाते समय 16 दिसंबर की पूर्वाहन ग्यारह बजे गनेशगंज तिराहे पर ही गोली मारकर हत्या करने के बाद बाइक सवार दो बदमाश करीब दस लाख रुपया लूट ले गए थे। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस राज नहीं खोल पाई तो एसपी ने एसटीएफ टीम के सदस्याें से वारदात का खुलासा करने में सहयोग मांगा। टीम के सदस्य भी कई मोबाइल के काल डिटेल को खंगालने के बाद भी हत्याराें का सुराग नहीं लगा पाए। धीरे धीरे बीत रहा समय व्यापारियाें के आक्रोश को बढ़ाता जा रहा है। पुलिस सूत्राें की माने तो एसटीएफ समेत अन्य टीम संदिग्धों को उठा कर अलग अलग थाने में ले जाकर पूछताछ करने में जुटी है।