मिर्जापुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर गांव में कूड़ेदान रखवाए जाएंगे। यह बात जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे ने शुक्रवार को कही। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पर निगरानी के लिए समितियां बनाई जाएं, जिसमें सफाईकर्मी, चौकीदार, अध्यापकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ मानिंद लोगों को शामिल किया जाएगा। उन्होेंने सिटी और पहाड़ी ब्लाक में 495 शौचालयों का निर्माण पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई और जल्द पूरा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनूी दी।
कलेक्ट्रेट सभागर में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी ने 31 अगस्त तक शौचालय का लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले ग्राम विकास अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि 15 सितंबर तक उसका काम पूरा कर लिया जाए। उन्होेंने कहा कि इस मामले में लापरवाही बरतने वालों का निलंबन किया जाएगा। सिटी के तीन गांवों में 250 व पहाड़ी के एक गांव में 245 शौचालय अपूर्ण पाए गए हैं। एडीओ पचायत और जिला कोआर्डिनेटर से कहा कि वे गांव में भ्रमण कर शौचालयों को पूर्ण कराएं। जिले में 94 निगरानी समितियों का गठन किया गया है, जो निष्क्रिय हैं। उन्हें सक्रिय किया जाएगा और जो काम नहीं कर रहे हैं उन्हें हटाया जाए। ग्राम प्रधानों से कहा कि वे केवल सामाजिक कार्य में सहयोग करें, शौचालय और आवास के ठेकेदार की भूमिका न निभाएं। जिलाधिकारी ने गंगा के किनारे वाले गांवों के 1900 अधूरे शौचालयों को भी 15 सितम्बर तक पूरा कराने को कहा।
हैंडपंप तीन माह में कराएं रिबोर
मिर्जापुर। जिलाधिकारी ने जल निगम के अभियंता से ग्राम सभाओं में 3395 हैंडपंपों को अभियान चलाकर तीन माह के भीतर रिबोर कराने को कहा। बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी से बिना शौचालय वाले स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची मांगी। स्कूल व आंगनबाड़ी शौचालय गांव के सफाईकर्मी करेंगे और उनका वेतन अध्यापक की संस्तुति के बाद ही मिलेगा। सांसद और विधायक निधि के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन, परियोजना निदेशक डा. हरिचरन सिंह, जिला पंचायत अधिकारी बालेशधर द्विवेदी, आरईएस, बेसिक शिक्षा अधिकारी के अलावा सभी ग्राम पंचायत अधिकारी उपस्थित रहे।