मिर्जापुर। नाग पंचमी पर्व पर जिले के ग्रामीण अंचलों में भी विधिवत पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्घि के लिए कामना की गई। जगह-जगह आयोजित कुश्ती-दंगल में जहां पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया, वहीं लगे विशाल मेले में भ्रमण कर नर-नारियों व बच्चे ने खूब लुत्फ उठाया। सुबह के समय महिलाओं ने घरों की दीवारों पर नाग देवता का चित्र लगा कर उन्हें दूध-लावा चढ़ा कर पूजन किया। ग्राम्यांचलों में स्थित शिव मंदिरों में सुबह से लेकर देर रात तक दर्शन-पूजन का दौर चलता रहा।
छानबे संवाददाता अनुसार क्षेत्र के शिव मंदिरों में मदार के पत्ते पर दूध एवं लावा रख कर नाग देवता को भोग लगा कर पूजन किया गया, वहीं घरों में भी महिलाओं ने विधिवत पूजन-अर्चन कर मंगलकामना की। क्षेत्र के सुमतियां के हनुमान मंदिर सहित कई स्थानों पर कुश्ती-दंगल सहित विविध प्रकार की खेल स्पर्धाओं का भी आयोजन किया गया। छानबे ब्लॉक के दो दर्जन से अधिक शिव मंदिरों में जलाभिषेक व रुद्राभिषेक सहित विधिवत पूजन-अर्चन का दौर चलता रहा। नरायनपुर संवाददाता अनुसार बैकुंठपुर गांव स्थित शिव मंदिर पर लगे विशाल मेले में भक्तों का रेला लगा रहा। मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद लोगों ने मेले में भ्रमण कर अपने अपने जरूरत की वस्तुओं की खरीददारी की। जमालपुर व शेरवां संवाददाता अनुसार क्षेत्र के धारा, मठना, हरिहरपुर, जमालपुर, डोमरी आदि गांवों में कुश्ती-दंगल में पहलवानों ने जोर-आजमाइश की, वहीं शिव मंदिरों में सुबह से शाम तक शिव भक्तों का तांता लगा रहा। विंध्याचल संवाददाता अनुसार कंतित स्थित नागकुंड में स्नान कर भक्तों ने नाग देवता का पूजन अर्चन किया। गोपीगंज बस स्टैंड के सामने आयोजित कुश्ती दंगल में पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। पंटेगरा नाला क्षेत्र में लगे मेले में हजारों की संख्या में लोग जुटे रहे। इसी क्रम में जिले के चुनार, मड़िहान, लालगंज तहसील क्षेत्रों में भी नाग पंचमी पर नाग देवता सहित विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से देर रात तक दर्शन-पूजन व भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।