मिर्जापुर। जिले की संसदीय सीट पर जीत के लिए प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरा जोर लगा दिया है। प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में अब उनके दल के दिग्गजों का उतरना भी शुरू होगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को भाजपा, अपना दल एस की संयुक्त प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल के पक्ष में जनसभा करने आ रहे हैं। वह जिगना के बिहसड़ा स्थित महाशक्ति इंटर कालेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके दोपहर 3.20 बजे कालेज के मैदान पर पहुंचने का कार्यक्रम है।
वहीं रविवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आने का कार्यक्रम है। वह शहर में जीआईसी मैदान में सपा, बसपा गठबंधन प्रत्याशी रामचरित्र निषाद के समर्थन में दिन में 11 बजे सभा करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में सपा, बसना और रालोद की टीम लगी हुई है। इसी को लेकर लोहिया ट्रस्ट स्थित सपा कार्यालय में बैठक हुई। सभी प्रमुख नताओं और फ्रंटल संगठनों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाध्यक्ष आशीष यादव, शिवशंकर यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, स्वामीशरण दूबे आदि मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी 16 मई को जिले में जनसभा करने का कार्यक्रम है। पीएम के आगमन की प्रारंभिक सूचना जिला प्रशासन को मिल चुकी है। पीएम दिन में करीब ग्यारह बजे जिले में पहुंचेंगे। सभा स्थल फिलहाल तय नहीं किया जा सका है। सूत्रों की मानें तो चंदईपुर, बरकछा या फिर राजगढ़ क्षेत्र में पीएम की सभा हो सकती है। वहीं कांग्रेेस प्रत्याशी ललितेश पति त्रिपाठी के समर्थन में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का भी जनपद में आगमन हो रहा है।